मीडिया से पहली मुलाकात में नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने रखी प्राथमिकताएं, कानून-व्यवस्था, नशे पर कार्रवाई, AI आधारित पुलिसिंग और जनसंवाद पर रहेगा विशेष फोकस

बालोद। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक एवं प्रेस वार्ता कर अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं की जानकारी साझा की। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शी संवाद तथा जनहित में सकारात्मक सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि आम जनता तक सही, तथ्यपरक और समयबद्ध जानकारी पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया लोकतंत्र के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। दोनों के बेहतर तालमेल से समाज में विश्वास और पारदर्शिता मजबूत होती है। बालोद पुलिस भविष्य में कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा पुलिस की सकारात्मक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं नियमित रूप से मीडिया के साथ साझा करेगी।
कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष, संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली के साथ कार्य करेगी तथा आमजन का विश्वास मजबूत करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
नशे के कारोबार पर चलेगा विशेष अभियान

उन्होंने कहा कि जिले में अवैध नशे और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ व्यापक एवं प्रभावी अभियान चलाया जाएगा। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्परिणाम, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सामाजिक जागरूकता के विषय में जागरूक किया जाएगा।
मजबूत होगा इंटेलिजेंस नेटवर्क
एसपी ने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए जिले के इंटेलिजेंस नेटवर्क को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाया जाएगा। सूचना संकलन, तकनीकी विश्लेषण तथा प्रभावी निगरानी के माध्यम से अपराध होने से पहले ही उन पर नियंत्रण की दिशा में कार्य किया जाएगा तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
AI और आधुनिक तकनीक से होगी स्मार्ट पुलिसिंग
उन्होंने कहा कि बदलते समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल तकनीक और आधुनिक पुलिसिंग की भूमिका लगातार बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को AI आधारित तकनीकों, साइबर अपराध अनुसंधान, डिजिटल साक्ष्य संकलन और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि पुलिसिंग अधिक स्मार्ट, प्रभावी और पारदर्शी बन सके।
नए आपराधिक कानूनों पर विशेष प्रशिक्षण
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे विवेचना और पुलिस कार्रवाई वैज्ञानिक, गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध तरीके से की जा सकेगी।
जनसंवाद और सामुदायिक पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक थाना और चौकी स्तर पर आम नागरिकों से नियमित संवाद स्थापित किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं और शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। बीट प्रणाली और सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक मजबूत करते हुए प्रत्येक शिकायत पर शीघ्र पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था सुधारने पर भी रहेगा विशेष ध्यान
एसपी किरण चव्हाण ने जिले में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक उपाय तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
सुरक्षित, शांतिपूर्ण और नशामुक्त बालोद बनाने का संकल्प
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने मीडिया प्रतिनिधियों से जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस, मीडिया और आम जनता के संयुक्त प्रयासों से बालोद जिले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, एसडीओपी बालोद बोनीफास एक्का, एसडीओपी गुरूर माया शर्मा, मुख्यालय डीएसपी श्रुति सिंह तथा जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।











