एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में BNS, BNSS, BSA, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा पर किया गया जागरूक
बालोद। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में शनिवार को सरस्वती शिशु मंदिर, बालोद में व्यापक जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीन आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशामुक्ति, यातायात नियमों तथा आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना था। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में साइबर प्रभारी एएसआई धर्म भूआर्य ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि इन नए कानूनों का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी, तकनीक-सक्षम एवं समयबद्ध बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहकर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
साइबर प्रभारी एवं प्रधान आरक्षक रुमलाल चुरेंद्र ने बढ़ते साइबर अपराधों जैसे फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, एपीके (APK) फाइल, डिजिटल अरेस्ट, क्यूआर कोड धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड सहित विभिन्न ऑनलाइन ठगी के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बैंकिंग संबंधी जानकारी, पासवर्ड एवं ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
इस दौरान आपातकालीन स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता के लिए डायल-112 सेवा की भी जानकारी दी गई और बताया गया कि किसी भी संकट की स्थिति में नागरिक तत्काल इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
यातायात शाखा के आरक्षक चेतन सोनकर ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम में महिला सेल की टीम ने छात्र-छात्राओं को “गुड टच–बैड टच” की महत्वपूर्ण जानकारी सरल एवं सहज तरीके से देकर उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
बालोद पुलिस ने बताया कि जनहित में ऐसे जागरूकता अभियान जिलेभर में लगातार संचालित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को कानून, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम में पार्षद दीपक लोढ़ा, साइबर सेल से आरक्षक मिथलेश यादव, पुरण देवांगन एवं रविकांत गंधर्व, महिला सेल से द्रोपती साहू एवं मीरा मंडावी सहित विद्यालय के शिक्षकगण भूनेश्वरी सोनकर, शारदा यादव, देवधर साहू, धर्मेन्द्र गुरूपंच, चन्दुलाल पटेल, रीना कुरेटी, रुपमति साहू, कांती देवांगन, किरण विनायक, दिव्या धुर्वे, भूमिजा पटेल, चितेश्वरी, छविकांत चन्द्राकर, युवराज कुमार, लक्ष्मीदेवी यदुवंशी, दीपिका देशमुख, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












