DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अमृत भारत स्टेशन योजना की बड़ी सौगात: प्रधानमंत्री मोदी ने किया बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण

6 करोड़ रुपये की लागत से बदला स्टेशन का स्वरूप, आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों को मिलेगा विश्वस्तरीय अनुभव

बालोद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर छावनी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के बालोद, सरोना और चांपा रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए गए। लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से विकसित बालोद रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर जिलेवासियों और रेल यात्रियों के लिए नई पहचान बन गया है।

बालोद को मिला आधुनिक रेलवे स्टेशन का उपहार

बालोद रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित लोकार्पण समारोह में कांकेर सांसद भोजराज नाग, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, चेमन देशमुख, राकेश यादव, पवन साहू, प्रमोद जैन, लाल निवेन्द्र शाह टेकाम, राकेश यादव छोटू, प्रेम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, रायपुर रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग लाल अग्रवाल, रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

सांसद भोजराज नाग बोले— बालोद के लिए ऐतिहासिक दिन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालोद रेलवे स्टेशन का चयन जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है और यह विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि रावघाट तक रेलवे लाइन का विस्तार पूरा हो चुका है तथा शीघ्र ही जगदलपुर तक रेल लाइन का कार्य भी पूर्ण होगा, जिससे बस्तर और बालोद क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

यशवंत जैन ने जताया प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन ने कहा कि बालोद जैसे छोटे स्टेशन का आधुनिक एवं भव्य स्वरूप में विकास पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे के विद्युतीकरण और अधोसंरचना विकास ने देश की तस्वीर बदल दी है।

उन्होंने बताया कि पाररास रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी शीघ्र शुरू होगा, जिससे शहरवासियों को यातायात में बड़ी राहत मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया विकास की नई पहचान

नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रेलवे स्टेशन बालोद की नई पहचान बनेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।

बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

समारोह में रेलवे द्वारा आयोजित पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्कूली विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अतिथियों ने पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का विधिवत लोकार्पण भी किया।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ बालोद रेलवे स्टेशन

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालोद रेलवे स्टेशन में अनेक आधुनिक सुविधाओं का विकास किया गया है, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक पुनर्विकास।
  • आधुनिक स्टेशन भवन एवं नया प्रवेश क्षेत्र।
  • विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया एवं सुव्यवस्थित प्रवेश-निकास व्यवस्था।
  • आधुनिक फुट ओवर ब्रिज।
  • चार नए प्लेटफॉर्म शेल्टर।
  • दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं।
  • डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली।
  • समर्पित पार्किंग क्षेत्र।
  • ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था।
  • छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते आकर्षक भित्ति चित्र।

औद्योगिक विकास से जुड़ा है बालोद स्टेशन का इतिहास

बालोद रेलवे स्टेशन का इतिहास भिलाई स्टील प्लांट और दल्लीराजहरा लौह अयस्क खदानों से जुड़ा हुआ है। वर्ष 1955 में भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना के बाद लौह अयस्क परिवहन के लिए विकसित यह रेल मार्ग आज भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बना हुआ है।

पर्यटन और व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित रेलवे स्टेशन केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इन्हें स्थानीय संस्कृति, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बालोद रेलवे स्टेशन आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास, निवेश, पर्यटन और रोजगार को नई गति देने के साथ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वस्तरीय रेल यात्रा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

You cannot copy content of this page