DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

विश्वास, सुरक्षा और सेवा का नया अध्याय

उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित IPS किरण गंगाराम चव्हाण बने बालोद जिले के नए पुलिस अधीक्षक

नक्सल ऑपरेशन, जनसहभागिता और मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का रहा उल्लेखनीय अनुभव, पदभार संभालते ही अधिकारियों की ली परिचयात्मक बैठक

बालोद, 16 जुलाई 2026। बालोद जिले को एक नया और ऊर्जावान नेतृत्व मिला है। वर्ष 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने गुरुवार को जिला पुलिस कार्यालय, बालोद में जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पूर्व पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


पदभार संभालते ही अधिकारियों के साथ की परिचयात्मक बैठक

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में सभी अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र, दायित्वों एवं जिले की कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। बैठक का उद्देश्य जिले की वर्तमान परिस्थितियों को समझते हुए बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।


महाराष्ट्र से UPSC तक का प्रेरणादायी सफर

श्री किरण गंगाराम चव्हाण मूलतः महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के निवासी हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त करने के बाद संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर वर्ष 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी के रूप में देश सेवा का दायित्व संभाला।


नक्सल क्षेत्रों में प्रभावी नेतृत्व से बनाई अलग पहचान

अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में बिलासपुर जिले में सेवाएं दीं। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन), सुकमा जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। बाद में सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, जनसहभागिता बढ़ाने तथा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध उल्लेखनीय कार्रवाई कर अपनी कार्यशैली की अलग पहचान बनाई।


राष्ट्रीय स्तर पर मिला उत्कृष्ट पुलिसिंग का सम्मान

उत्कृष्ट पुलिसिंग, नक्सल ऑपरेशन में प्रभावी नेतृत्व तथा मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए वर्ष 2024 में उन्हें FICCI Best Performing Officer Award से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति द्वारा प्रदान किया गया था, जो उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों का प्रमाण है।


बालोद पुलिस परिवार ने किया आत्मीय स्वागत

बालोद पुलिस परिवार ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की अपेक्षा व्यक्त की। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सफल, पारदर्शी एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं भी दीं।


ये अधिकारी रहे उपस्थित

पदभार ग्रहण एवं स्वागत कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, एसडीओपी बालोद श्री बोनिफास एक्का, एसडीओपी गुंडरदेही श्री राजेश बागड़े, एसडीओपी गुरुर श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी मुख्यालय श्रीमती श्रुति सिंह, सीएसपी राजहरा श्री विकास पाटले, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय, बालोद के विभिन्न शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।


(दर्शन बालोद मासिक पत्रिका / डेली बालोद न्यूज़)

You cannot copy content of this page