DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अमृत भारत स्टेशन योजना: बालोद के स्कूली बच्चों ने निबंध और चित्रकारी से उकेरा ‘विकसित भारत’ का आधुनिक रेलवे स्टेशन

संत कबीर हायर पब्लिक स्कूल और संस्कार शाला में हुई प्रतियोगिता, विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित

बालोद। भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे बालोद रेलवे स्टेशन को लेकर स्कूली बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में नगर के संत कबीर हायर पब्लिक स्कूल एवं संस्कार शाला हायर सेकेंडरी स्कूल में निबंध एवं चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में विकसित भारत की अवधारणा और आधुनिक रेलवे अवसंरचना के प्रति जागरूकता एवं रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना था।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को “मेरे शहर का स्टेशन विकसित भारत में कैसा होगा” तथा “विकसित भारत बनाने के लिए मैं क्या करूंगा/करूंगी” जैसे प्रेरणादायी विषय दिए गए। बच्चों ने इन विषयों पर अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए निबंध लिखे तथा चित्रों के माध्यम से भविष्य के आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त रेलवे स्टेशन की आकर्षक कल्पना को साकार किया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बालोद रेलवे स्टेशन को यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनाया गया है। इस योजना के तहत स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण एवं विस्तार, आधुनिक प्रतीक्षालय और बैठने की व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छता एवं पर्यावरण अनुकूल विकास जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।

स्कूल प्रबंधन एवं रेलवे समन्वयकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि दोनों विद्यालयों से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है।

You cannot copy content of this page