DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कमल कांत साहू बने भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश कोषाध्यक्ष, संगठन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी

वरिष्ठ सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता को मिली नई जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

बालोद/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता कमल कांत साहू को भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ का प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को संगठन में सक्रिय और अनुभवी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कमल कांत साहू अपनी सहज कार्यशैली, सौम्य व्यक्तित्व एवं प्रभावशाली वक्तृत्व शैली के लिए प्रदेशभर में विशेष पहचान रखते हैं। इससे पूर्व वे भाजपा ओबीसी विंग के प्रदेशाध्यक्ष के दायित्व का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है।

नियुक्ति के बाद कमल कांत साहू ने भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कंडेय, यशवंत जैन तथा प्रदेश संयोजक (एनजीओ प्रकोष्ठ) दिनेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठनात्मक गतिविधियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूर्ण समर्पण, निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।

कमल कांत साहू की नियुक्ति पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल से भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ को नई ऊर्जा मिलेगी तथा संगठन और अधिक मजबूत होगा।

You cannot copy content of this page