DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

दुर्ग–रावघाट रेल लाइन के दोहरीकरण की मांग तेज, बैलाडीला से जगदलपुर तक रेल विकास का उठाया मुद्दा

वरिष्ठ भाजपा नेता मधुकांत यादव ने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों से की रेल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने की अपील

बालोद। वरिष्ठ भाजपा नेता मधुकांत यादव ने छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना के विस्तार को लेकर केंद्र सरकार से कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। उन्होंने कहा कि दल्लीराजहरा, बैलाडीला और एनएमडीसी क्षेत्र से पिछले लगभग 60 वर्षों से लौह अयस्क का परिवहन देश के विभिन्न इस्पात संयंत्रों और उद्योगों तक किया जा रहा है, जिससे रेलवे एवं देश को अरबों रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसके बावजूद रावघाट से दुर्ग तक रेल लाइन का दोहरीकरण अब तक नहीं होने से यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मधुकांत यादव ने कहा कि वर्तमान में मेमू और पैसेंजर ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रहती है, जिससे यात्रियों को प्रतिदिन खड़े होकर सफर करना पड़ता है। उन्होंने केंद्र सरकार से रावघाट से दुर्ग तक दोहरी रेल लाइन के निर्माण को तत्काल स्वीकृति देकर कार्य प्रारंभ करने तथा रावघाट से रायपुर तक नियमित मेमू ट्रेन चलाने की मांग की।

उन्होंने सुझाव दिया कि दोहरी रेल लाइन बनने के बाद सारनाथ एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, पुरी एक्सप्रेस तथा जयपुर हमसफर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का संचालन दुर्ग के बजाय जगदलपुर से किया जाए, जिससे बस्तर संभाग के यात्रियों को नागपुर, भोपाल, दिल्ली, जयपुर और उत्तर भारत के लिए बेहतर रेल सुविधा मिल सके।

मधुकांत यादव ने यह भी मांग की कि बैलाडीला (दंतेवाड़ा) के लौह अयस्क का अधिकतम उपयोग छत्तीसगढ़ में ही किया जाए। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि जगदलपुर में भिलाई स्टील प्लांट (सेल) की तर्ज पर रेल की पटरियां, स्टील रॉड और स्टील प्लेट बनाने का नया इस्पात संयंत्र स्थापित किया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर उद्योग विकसित होंगे और आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे उद्योगों में प्राथमिकता के आधार पर छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार दिया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश के सभी लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों से आग्रह किया कि दुर्ग से जगदलपुर तक दोहरी रेल लाइन, भानुप्रतापपुर–चंद्रपुर रेल लाइन, धमतरी–कांकेर–कोंडागांव–जगदलपुर रेल परियोजना तथा रायपुर–दुर्ग–राजनांदगांव मेट्रो रेल जैसी परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं से छत्तीसगढ़ के औद्योगिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

मधुकांत यादव ने कहा कि दोहरी रेल लाइन बनने से मालगाड़ियों के संचालन में भी सुविधा होगी, जिससे लौह अयस्क, कोयला, सीमेंट, खाद एवं अन्य वस्तुओं के परिवहन में वृद्धि होगी। इससे रेलवे की आय बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दोहरी लाइन बनने से रेल दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा मानव और मवेशियों की सुरक्षा भी बेहतर होगी।

उन्होंने बताया कि रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर वे और योगेंद्र नाथ योगी पिछले लगभग 10 वर्षों से संसद सत्र के दौरान दिल्ली जाकर सांसदों एवं रेल मंत्री को प्रत्यक्ष रूप से ज्ञापन सौंपते रहे हैं और इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं।

नोट: यह समाचार वरिष्ठ भाजपा नेता मधुकांत यादव द्वारा जारी बयान एवं उनके द्वारा उठाई गई मांगों पर आधारित है।

You cannot copy content of this page