शिवसेना के बैनर तले महिलाओं ने ग्राम की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की
बालोद। शिवसेना के प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के निर्देश, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मधुकर पांडेय, प्रदेश महासचिव रेशम जांगड़े, प्रदेश संगठन महामंत्री राजेश ठावरे के निर्देशन तथा जिला शिवसेना नेता विजय पारख के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत उमरादाह के ग्राम चरोटा की महिला सेना ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बालोद के नाम ज्ञापन सौंपा।
महिला सेना की ग्राम अध्यक्षा फुलेश्वरी साहू, सचिव सीमा मलिया एवं सह सचिव लता ठाकुर के नेतृत्व में महिलाओं ने ग्राम के सरपंच कुंदन तारम के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में महिलाओं ने गंदे पानी की निकासी के लिए आरसीसी नाली निर्माण, सड़कों के बीच बने नालीनुमा गड्ढों पर छोटी पुलियों का निर्माण, ग्रामीणों को सरकारी राशन, शक्कर एवं मिट्टी तेल का नियमित वितरण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र हितग्राहियों के नाम सूची में जोड़कर पक्के मकान की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
महिला सेना ने बताया कि कुछ समय पूर्व भी शिवसेना संगठन के माध्यम से ग्राम में निस्तारी एवं बरसाती पानी निकासी की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में पहल की गई थी। अब गांव की अन्य मूलभूत समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है।
इस दौरान महिला सेना अध्यक्षा फुलेश्वरी साहू, सचिव सीमा मलिया, सह सचिव लता ठाकुर, उर्वशी ठाकुर, राधा बाई ठाकुर, उपाध्यक्ष हुलसी निषाद सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।










