डीजी दुनिया प्रोजेक्ट के तहत आयोजित प्रशिक्षण में ब्लॉक के लगभग 300 शिक्षकों ने लिया हिस्सा
डौंडीलोहारा। शिक्षा में तकनीक के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीजी दुनिया प्रोजेक्ट के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव में डौंडीलोहारा विकासखंड के व्याख्याता शिक्षकों के लिए आईसीटी एवं स्मार्ट क्लासरूम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ब्लॉक के लगभग 300 शिक्षकों ने भाग लेकर डिजिटल शिक्षण की नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को प्रोजेक्टर को लैपटॉप से जोड़ने, आईसीटी लैब के संचालन, स्मार्ट क्लासरूम के प्रभावी उपयोग तथा डिजिटल माध्यमों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए सक्षम करना था।

इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर प्यारेलाल सिन्हा, युगेंद्र रात्रे एवं रजिंदर भुआर्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने शिक्षकों को स्मार्ट कक्षाओं के संचालन और डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
विद्यालय के संस्था प्रमुख जितेंद्र कुमार उइके ने शिक्षकों से कहा कि वे स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी लैब का नियमित उपयोग कर विद्यार्थियों को आधुनिक एवं रोचक तरीके से अध्ययन कराएं। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित शिक्षण से विद्यार्थियों को विषयों को समझने और सीखने में अधिक सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।










