DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कुसुमकसा में जल्द खुलेगा जिला सहकारी बैंक का एटीएम, बैंक शाखा खोलने का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने की घोषणा, क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद

कुसुमकसा। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही बैंकिंग सुविधाओं की मांग जल्द पूरी होने की उम्मीद है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने कुसुमकसा में जिला सहकारी बैंक का एटीएम शीघ्र स्थापित करने की घोषणा करते हुए यहां पूर्ण बैंक शाखा खोलने का प्रस्ताव भी उच्च स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया।

कुसुमकसा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने श्री बेलचंदन से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कुसुमकसा सहित आसपास के अनेक गांवों के किसानों, महिलाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूरस्थ क्षेत्रों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की अनावश्यक हानि होती है।

प्रतिनिधिमंडल की मांग पर गंभीरता दिखाते हुए प्रीतपाल बेलचंदन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कुसुमकसा में एटीएम स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, वहीं पूर्ण बैंक शाखा खोलने का प्रस्ताव भी संबंधित उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को सभी बैंकिंग सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि बैंक शाखा खुलने से किसानों, स्व-सहायता समूहों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को बैंकिंग कार्यों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही सभी आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

इस मांग को प्रमुखता से उठाने में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोमेश साहू के विशेष प्रयास तथा संजय बैस द्वारा लगातार किए गए प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेंद्र सिन्हा, संतोष जैन, पुष्पजीत बैस, टिकेंद्र साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

क्षेत्रवासियों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि एटीएम स्थापना और बैंक शाखा खुलने से कुसुमकसा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

You cannot copy content of this page