करहीभदर-पर्रेगुड़ा मार्ग पर घेराबंदी कर कार्रवाई, अवैध शराब और गांजा तस्करों पर लगातार कस रहा शिकंजा
बालोद। जिले में अवैध शराब और गांजा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 58 नग पौवा देशी प्लेन शराब, 2 अद्धी शोले देशी प्लेन शराब, एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 35,460 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम करहीभदर से पर्रेगुड़ा-भोलापठार की ओर मोटरसाइकिल से अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय नेताम (41 वर्ष), पिता भुरवाराम नेताम, निवासी ग्राम नर्रा, थाना एवं जिला बालोद बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 58 पौवा सवा शेरा देशी प्लेन मदिरा (10.440 बल्क लीटर) एवं 2 अद्धी शोले देशी प्लेन मदिरा सहित कुल 11.190 बल्क लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 4,960 रुपये है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 24 R 5646) जिसकी कीमत लगभग 30,000 रुपये तथा एक नोकिया मोबाइल जिसकी कीमत 500 रुपये है, उसे भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बालोद में अपराध क्रमांक 349/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सउनि गौकरण भंडारी, आरक्षक बनवाली साहू, आरक्षक संजय सोनी एवं आरक्षक नागेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बालोद पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










