DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

लाटाबोड़ सरस्वती शिशु मंदिर में सीडबॉल एवं बीजरोपण कार्यशाला आयोजित, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

पर्यावरण गतिविधि, जिला बालोद के तत्वावधान में विद्यार्थियों को दिया गया प्रशिक्षण, अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश

बालोद। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से पर्यावरण गतिविधि एवं संरक्षण थीम, जिला बालोद के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर, लाटाबोड़ में सीडबॉल एवं बीजरोपण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओमप्रकाश टुवानी (हरिभूमि संवाददाता) थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक जीवन साहू ने की, जबकि कश्चित साहू (अध्यक्ष, कुँवारी माता शिक्षण समिति, लाटाबोड़) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला में विनोद कुमार साहू (जिला कार्यवाह, पर्यावरण गतिविधि, जिला बालोद) एवं कमलकृष्णाकांत साहू (पर्यावरण गतिविधि संयोजक) ने सीडबॉल निर्माण एवं बीजरोपण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3 बजे भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ओमप्रकाश टुवानी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसे जन-आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने कहा कि सीडबॉल तकनीक बंजर एवं दुर्गम क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने का सरल, कम खर्चीला और प्रभावी माध्यम है। यदि परिवार, समाज और स्वयंसेवी संगठन मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाएं तो कम समय में हजारों पौधे तैयार किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जीवन साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को सीडबॉल निर्माण एवं वृक्षारोपण में भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि पेड़ हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, पर्यावरण को शुद्ध रखते हैं और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विशेष अतिथि कश्चित साहू ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का मूल आधार हैं। वन कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, जल चक्र को सुरक्षित रखते हैं तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।

कार्यक्रम के अंत में कमलकृष्णाकांत साहू ने नेशनल स्टूडेंट पर्यावरण प्रतियोगिता (NSPC-2026) की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता 15 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कर पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश तिवारी, जितेन्द्र सिंद्राम, देवेश बघेल, योगेंद्र निषाद, कामनी यदु, त्रिवेणी साहू, हरिप्रिया वैष्णव, मोनिका साहू, दामिनी साहू, पदमणी निषाद, रेणुका मिश्रा, पुकेश्वरी साहू सहित समस्त आचार्यों, विद्यार्थियों, पर्यावरण गतिविधि के कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page