33 पौवा देशी शराब जब्त, आबकारी एक्ट के तहत आरोपी भेजा गया जेल
बालोद। जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बालोद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना बालोद पुलिस ने अवैध रूप से शराब परिवहन एवं बिक्री करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 33 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त की है। पिछले तीन दिनों में थाना बालोद पुलिस द्वारा अवैध शराब बिक्री के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
मुखबिर की सूचना पर धरसा पुलिया के पास दबिश
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
10 जुलाई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लाटाबोड़ से भोईनापार मार्ग स्थित धरसा पुलिया के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में शराब लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
33 पौवा शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक थैले में रखी 33 पौवा सुपर-36 देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब भरी थी। कुल 5.940 बल्क लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2,640 रुपये है, जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश यादव (43 वर्ष), पिता स्वर्गीय घुहाराम उर्फ गुहाराम यादव, निवासी ग्राम कुरदी, हाल मुकाम स्कूलपारा लाटाबोड़, थाना एवं जिला बालोद के रूप में हुई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के कारोबार पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रधान आरक्षक दुर्योधन यादव, आरक्षक बनवाली साहू, मनीष राजपूत एवं नागेश्वर साहू की विशेष सराहनीय भूमिका रही।












