उत्साहपूर्ण मतदान के बाद घोषित हुए परिणाम, नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

बालोद। शासकीय आदर्श कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, बालोद में शनिवार को छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। छात्राओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लिया और मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। चुनाव के उपरांत नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाकर विधिवत पदभार ग्रहण कराया गया।
अध्यक्ष पद के लिए कक्षा 12वीं की दीपिका निर्मलकर और छविना साहू के बीच मुकाबला हुआ। मतदान में दीपिका निर्मलकर को 148 मत, जबकि छविना साहू को 129 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार दीपिका निर्मलकर ने 19 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
उपाध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में कक्षा 11वीं की संगीता यादव ने 136 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। वहीं सचिव पद पर ख्याति, सह-सचिव पद पर प्रेमलता यादव तथा अनुशासन सचिव पद पर लीना निर्वाचित हुईं।
प्राचार्य ने दिलाई शपथ, छात्रहित में कार्य करने का दिलाया संकल्प
चुनाव प्रक्रिया विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती हेमलता गंगबेर के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। परिणाम घोषित होने के बाद प्राचार्य ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा बैज पहनाकर विधिवत पदभार ग्रहण कराया।
विद्यालय परिवार ने सभी निर्वाचित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के साथ निर्वहन करते हुए विद्यालय के विकास और छात्रहित में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम में बी.एन. योगी, एम.के. थावरे, बी.आर. साहू, साकेत वर्मा, अशरफ तिगाला, डी.एन. तिवारी, आर.के. वर्मा, सूर्यकांत सिन्हा, परमेश देवांगन, प्रमिला रामटेके, नीलू सोनी, शैल देशमुख, रिचा मीका, गीतिका दुबे, रोशनी साहू, सरिता ठाकुर, वर्षा यादव, लेखा देवी साहू, अनीता पद्माकर, विनीता दिल्लीवार, भावना साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।














