गंजपारा से गुरुर तक चला वृक्षारोपण अभियान, कार्यकर्ताओं ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
बालोद। जन्मदिन को समाज और प्रकृति की सेवा से जोड़ते हुए हमर राज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद नागवंशी के जन्मदिवस पर जिलेभर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ गंजपारा, रोशन नगर, पाररास, लोहारा एवं गुरुर सहित विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों पौधों का रोपण किया गया।
अभियान में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा हमर राज पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पौधारोपण के साथ सभी ने यह संकल्प भी लिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव विनोद नागवंशी ने कहा कि “पेड़ ही जीवन का आधार हैं। प्रकृति का संरक्षण ही मानवता का संरक्षण है।” उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा, शुद्ध जल, संतुलित जलवायु और आने वाली पीढ़ियों का सुरक्षित भविष्य वृक्षों पर निर्भर है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।
हमर राज पार्टी के बालोद जिलाध्यक्ष देवेंद्र साहू ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपने दायित्व निभाने का भी श्रेष्ठ अवसर है। इसी सोच के साथ विनोद नागवंशी का जन्मदिवस वृक्षारोपण कर मनाया गया, ताकि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक जनजागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ें।
हमर राज पार्टी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जन्मदिन, विवाह, वर्षगांठ एवं अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प लें। यही धरती माता के प्रति सच्ची सेवा और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेते हुए एक स्वर में कहा—
“एक पेड़ – सौ पीढ़ियों का जीवन।
आइए, पेड़ लगाएं, पेड़ बचाएं और हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।”













