बरसाती बीमारियों से बचाव, कृत्रिम गर्भाधान और संतुलित आहार की दी गई जानकारी
तिल्दा। छत्तीसगढ़ शासन के पशुधन विकास विभाग अंतर्गत पशु चिकित्सालय तिल्दा द्वारा 11 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत कोटा में निःशुल्क पशु चिकित्सा एवं टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पशुओं का उपचार, टीकाकरण, कृमिनाशक दवा वितरण एवं पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान 23 पशुओं का उपचार, 67 पशुओं को कृमिनाशक दवा, 82 पशुपालकों को मिनरल मिक्सचर एवं अन्य दवाइयों का वितरण तथा गलघोटू एवं एक टांगिया रोग से बचाव के लिए 435 पशुओं का टीकाकरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राकेश निर्मलकर ने कहा कि पशु चिकित्सालय तिल्दा द्वारा क्षेत्र के पशुपालकों को लगातार बेहतर सेवाएं दी जा रही हैं तथा समय-समय पर टीकाकरण अभियान चलाकर पशुधन को बीमारियों से सुरक्षित रखा जा रहा है।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामस्वरूप वर्मा ने पशुपालकों को बरसात के मौसम में पशुओं में होने वाली बीमारियों, उनके बचाव एवं उचित रखरखाव की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिल्दा विकासखंड के सभी गांवों में टीकाकरण अभियान लगातार जारी रहेगा।
सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी अश्वनी निराला ने पशुपालकों को पशुओं को संतुलित आहार देने की सलाह देते हुए कहा कि इससे दूध उत्पादन बढ़ने के साथ पशुओं का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।
वहीं प्राइवेट कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता चंद्रशेखर सिंह राजपूत एवं भूषण देवांगन ने संयुक्त रूप से पशुपालकों को गाय एवं भैंस के गर्मी में आने पर समय पर कृत्रिम गर्भाधान कराने की सलाह दी, ताकि उन्नत नस्ल के बछड़े प्राप्त हों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। उन्होंने आगामी ठंड के मौसम में बछड़ों एवं पाड़ों का बधियाकरण कराने की भी अपील की।
शिविर में अशोक कुमार कश्यप, गजाधर वर्मा, राजनारायण यादव, पशु सखी सुनीता सोनवानी सहित बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं प्रमुख किसानों में खूबचंद पाल, पवन साहू, जगमोहन सोनवानी, अनिल निर्मलकर, प्रकाश टंडन, टिकेश्वर निर्मलकर, रतन पाल, गिरधर निर्मलकर, अमृत लाल वस्त्रकार, श्रीमती भुनेश्वरी पाल, सुशीला यदु, अहिल्या पाल, गिरजा पाल, उत्तरा साहू एवं दागेश्वरी पाल ने शिविर में भाग लेकर इसे सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में अशोक कुमार कश्यप ने सभी अतिथियों, किसानों एवं पशुपालकों का आभार व्यक्त करते हुए शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।












