DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अब बालोद में नहीं होगी ई-वाहन चार्जिंग की चिंता: कलेक्ट्रेट में शुरू हुई पब्लिक चार्जिंग सुविधा, जल्द लगेंगे 60 किलोवाट के फास्ट चार्जर

बालोद। पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बालोद जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण और भविष्य की जरूरतों से जुड़ी पहल की है। अब जिले के इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को चार्जिंग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। संयुक्त जिला कार्यालय (कलेक्ट्रेट) परिसर में अत्याधुनिक पब्लिक इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) चार्जर की सुविधा शुरू कर दी गई है, जहां आम नागरिक भी अपने ई-वाहनों को आसानी से चार्ज कर सकेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पर्यावरण संरक्षण एवं जैविक ईंधनों पर निर्भरता कम करने की सोच को आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन शासकीय कार्यों में वाहनों की पूलिंग व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के लिए प्रेरित कर रहा है।

जिला खनिज संस्थान न्यास के सहायक नोडल अधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित इस 7.2 किलोवाट क्षमता वाले पब्लिक चार्जर के माध्यम से वाहन मालिक ‘टाटा पावर ईज़ेड चार्ज’ (Tata Power EZ Charge) मोबाइल ऐप का उपयोग कर मात्र 15 रुपये प्रति यूनिट की दर से अपने इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज कर सकेंगे।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी ई-वाहन चालकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक चार्जिंग स्टेशन नहीं, बल्कि हरित और स्वच्छ बालोद की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।

प्रशासन की योजना भविष्य में जिले के प्रमुख सार्वजनिक और व्यस्त स्थानों पर 60 किलोवाट क्षमता वाले फास्ट ईवी चार्जर स्थापित करने की है। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों को कम समय में चार्ज करने की सुविधा मिलेगी, ईंधन पर होने वाला खर्च घटेगा, प्रदूषण कम होगा और जिले में स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी।

You cannot copy content of this page