DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पत्नी के प्रेम-प्रसंग से बौखलाए पति ने कुल्हाड़ी से की युवक की हत्या

धमतरी के केरेगांव थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, पत्नी के प्रेमी की उपचार के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी के प्रेमी को अपने घर में सोता देख पति ने तैश में आकर कुल्हाड़ी से उसके गले पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा सोरी (31 वर्ष) निवासी ग्राम बाजार कुर्रीडीह, स्कूलपारा, थाना केरेगांव का लगभग एक वर्ष से शंकर सूर्यवंशी निवासी नगरी तहसील दलौदा, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शंकर समय-समय पर पूर्णिमा से मिलने उसके गांव आता-जाता था। करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो बच्चियों के साथ शंकर के घर भी गई थी और कुछ दिन रहने के बाद वापस लौट आई थी।

बताया गया कि 8 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे शंकर सूर्यवंशी फिर से पूर्णिमा से मिलने उसके घर पहुंचा। रात में भोजन के बाद पूर्णिमा, उसका पति योगेंद्र सोरी, दोनों बच्चे और शंकर एक ही हॉल में सो गए।

रात करीब 3 बजे योगेंद्र सोरी ने सो रहे शंकर सूर्यवंशी के गले पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर को तत्काल 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर आरोपी योगेंद्र सोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी

  • योगेंद्र सोरी (38 वर्ष)
  • पिता – स्व. रामकृष्ण सोरी
  • निवासी – ग्राम बाजार कुर्रीडीह, स्कूलपारा, थाना केरेगांव, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)

धमतरी पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा गंभीर अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार की जा रही है।

You cannot copy content of this page