बाजार, सोसायटी, स्कूल और अस्पताल पहुंचना हुआ मुश्किल, शीघ्र मरम्मत की उठी मांग
डौण्डीलोहारा। रेंगाडबरी से अन्नुटोला होते हुए डोंगरगांव जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और उखड़ी डामर के कारण ग्रामीणों को प्रतिदिन आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मार्ग की शीघ्र मरम्मत एवं डामरीकरण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि रेंगाडबरी से अन्नुटोला की दूरी लगभग 3 से 4 किलोमीटर है, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण यह छोटी दूरी तय करना भी कठिन हो गया है। अन्नुटोला सहित आसपास के गांवों के लोग बाजार, सहकारी समिति, शासकीय कार्यालयों एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए इसी मार्ग से रेंगाडबरी आते-जाते हैं।
बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। जगह-जगह पानी भरने, कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल चलने वालों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों को स्कूल जाने तथा किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि रेंगाडबरी–अन्नुटोला–डोंगरगांव मुख्य मार्ग का शीघ्र डामरीकरण एवं मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस दौरान ललित कुमार साहू, अंकुश कुंजाम, परमेश्वर कुंजाम, गिरीश साहू, कंसराम पौसार्य, प्रेम पौसार्य, सोमदत्त कोमरे, कलेन्द्री बाई साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: नेमन साहू, रेंगाडबरी










