DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

28 वर्षों की अनुकरणीय सेवा के बाद प्राचार्य मुन्नालाल गौतम को भावभीनी विदाई

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा (ज.) में सम्मान समारोह, नारियल से तौलकर किया गया अभिनंदन

बालोद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा (ज.) में लगभग 28 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए प्राचार्य श्री मुन्नालाल गौतम के सम्मान में गरिमामयी विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने भावभीनी विदाई देते हुए उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजगीत, सरस्वती वंदना, दीप प्रज्वलन एवं दीप मंत्र के साथ हुआ। इसके बाद स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया। समारोह से पहले ग्राम सीमा बाजार चौक सांकरा से विद्यालय तक छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार ने बाजा-गाजा के साथ श्री गौतम की अगवानी की।

श्री मुन्नालाल गौतम ने 18 जुलाई 1998 को इसी विद्यालय में व्याख्याता के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं और लगभग 28 वर्षों तक एक ही संस्था में सेवा देने के बाद प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए।

विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष भूपत बघेल ने अपने संबोधन में श्री गौतम की अनुशासनप्रियता, प्रशासनिक दक्षता एवं विद्यालय के विकास में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। वर्तमान प्राचार्य के.के. गंगासागर ने स्वागत उद्बोधन देते हुए उनके ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ एवं प्रेरणादायी सेवाकाल को विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए आदर्श बताया।

समारोह में पूर्व सेवानिवृत्त प्राचार्य एन.के. गौतम, सेवानिवृत्त व्याख्याता टी. ठाकुर, आर.जे. दिल्लीवार एवं सी.आर. साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं जी.आर. देशमुख (प्राचार्य, खरथुली), बिसेसर साहू (प्राचार्य, कमरौद) एवं शिव कुमार साहू (प्राचार्य, डुण्डेरा) भी समारोह में शामिल हुए।

व्याख्याता ईश्वरलाल लेंडिया ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को भावपूर्ण बना दिया। पूर्व छात्र राम सिंह देशमुख ने श्री गौतम को नारियल से तौलकर सम्मानित किया, जिसने समारोह को विशेष बना दिया।

अपने उद्बोधन में सेवानिवृत्त प्राचार्य मुन्नालाल गौतम ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी एवं निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों, सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में ग्राम पंचायत सांकरा की सरपंच श्रीमती लता चुरेंद्र, ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर की सरपंच श्रीमती देवकुंवर कोसमा, जनपद सदस्य श्रीमती दमयंती सुभाष हरदेल, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य नोहरू चंद्राकर, जनक पटेल, निर्मल ठाकुर, नेतराम देशमुख, विजय बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार की ओर से अमित श्रीवास्तव, अजय शर्मा, एच.एल. जोशी, विवेक धुर्वे, छत्रपाल साहू, विजय सिंह, सूर्यकांत साहू, राजेश साहू, ललिता सोरी, संगीता देशमुख, दुर्गा सिन्हा, कल्पना असवारी, ओंकार, लोकेश सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संकुल समन्वयक बंधु ठाकुर, माध्यमिक प्रधान पाठक डुलूराम ठाकुर, प्राथमिक प्रधान पाठिका श्रीमती नीलमती मारकांडे तथा संकुल के सभी प्रधान पाठकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का सफल संचालन कोमल देशमुख (व्याख्याता) एवं ईश्वरलाल लेंडिया ने संयुक्त रूप से किया। अंत में विद्यालय परिवार ने श्री मुन्नालाल गौतम के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाओं के साथ समारोह का समापन किया।

You cannot copy content of this page