DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

“वादा याद दिलाने सड़क पर उतरेंगे शिक्षक”: 15 जुलाई को रायपुर में विधानसभा घेराव, बालोद से 3000 शिक्षकों के शामिल होने का दावा

बालोद। गैर शिक्षकीय कार्यों का बढ़ता बोझ, वेतन विसंगति, क्रमोन्नत वेतनमान, पूर्व सेवा गणना सहित वर्षों से लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। संगठन ने 15 जुलाई को रायपुर में प्रांत स्तरीय धरना-प्रदर्शन एवं विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इसी को लेकर संगठन के ब्लॉक एवं जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई।

फेडरेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र हरमुख ने बताया कि बालोद जिले से लगभग 3000 शिक्षक रायपुर में आयोजित प्रांत स्तरीय धरना-प्रदर्शन एवं विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन से पहले सरकार के साथ वार्ता भी हुई थी, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। इसके चलते संगठन को अपनी मांगों के समर्थन में सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

देवेन्द्र हरमुख ने कहा कि चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने वेतन विसंगति दूर करने, क्रमोन्नत वेतनमान देने तथा केंद्र के समान महंगाई भत्ता (डीए) और एरियर देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के लगभग तीन वर्ष बाद भी शिक्षक संवर्ग की एक भी प्रमुख मांग पूरी नहीं हो सकी है। इससे पूरे शिक्षक वर्ग में सरकार के प्रति भारी निराशा है और यही आंदोलन का मुख्य कारण बना है।

छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन बालोद के जिलाध्यक्ष एलेन्द्र यादव ने बताया कि रायपुर में होने वाले आंदोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों की बैठक में निर्णय लिया गया है कि बालोद जिले के पांचों विकासखंडों से सभी संवर्ग के शिक्षक अपनी मांगों को लेकर रायपुर पहुंचेंगे और विधानसभा घेराव में भाग लेंगे।

एलेन्द्र यादव ने कहा कि शिक्षक संगठन द्वारा अपनी मांगों को लेकर कई बार मंत्री, मुख्यमंत्री एवं शिक्षा सचिव को ज्ञापन सौंपा गया और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि सहायक शिक्षक आज भी शोषण और उपेक्षा का सामना कर रहे हैं तथा लगातार अनदेखी किए जाने से शिक्षक संवर्ग आहत है।

जिला सचिव खिलानंद साहू ने बताया कि जिला स्तरीय बैठक में 15 जुलाई के विधानसभा घेराव, समयमान एवं क्रमोन्नत वेतनमान, पूर्व सेवा गणना कर समस्त लाभ प्रदान करने, अगस्त में प्रस्तावित पदोन्नति तथा VSK App में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए 15 जुलाई को रायपुर में होने वाले धरना-प्रदर्शन एवं विधानसभा घेराव को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस संबंध में कलेक्टर बालोद, एसडीएम कार्यालय तथा जिला शिक्षा अधिकारी बालोद को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष एलेन्द्र यादव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष अनिल दिल्लीवार, जिला उपाध्यक्ष धनेश यादव, जिला सचिव खिलानंद साहू, जिला कोषाध्यक्ष दयाराम चुरेन्द्र, जिला मीडिया प्रभारी हेमंत देशमुख, सह कोषाध्यक्ष शिवकुमार चौरके, जिला प्रवक्ता लालमणि साहू, संजय सेन, जिला सहसचिव नारायण साहू, जिला संगठन सचिव भोज राम सिन्हा, जिला महामंत्री लोकेंद्र यादव, चेतन गंगबेर, हेमेंद्र चन्द्रहास, जिला संगठन मंत्री गेवेन्द्र मानिकपुरी, जिला सह संगठन मंत्री पूनम चंद्राकर, डुप्ले साहू, जिला प्रचार मंत्री अरविंद कुमार यादव, उत्कल सार्वा, जिला ब्लॉक समन्वयक लाल रघुवीर सिंह ठाकुर, डामन पटेल, खेमंत साहू, गिरवर निर्मलकर, प्रभुलाल सिन्हा, लोहारा ब्लॉक अध्यक्ष संभव देवांगन, बालोद ब्लॉक अध्यक्ष संदीप दुबे, डौण्डी ब्लॉक अध्यक्ष प्रहलाद कोसमार्य, गुरुर ब्लॉक अध्यक्ष उमेश साहू, गुण्डरदेही ब्लॉक अध्यक्ष छबिलाल साहू, हेमंत साहू, दीपक पटेल, नकुल अलेन्द्र, बुधराम चंद्राकर, रविन्द्र साहू, अरविंद गंजीर, मोहन सिन्हा, मदन लाल साहू, शेखर साहू, छत्रपाल साहू, धर्मेंद्र देशलहरे, नेमसिंह कुंजाम, जगमोहन साहू, रुपेश सोरी, योगेश ठाकुर, खेमंत साहू, लक्ष्मी देवांगन, बेनेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page