बालोद जिले के सभी लोक सेवा केंद्रों में 30 रुपये शुल्क देकर कर सकेंगे आवेदन, कलेक्टर ने दिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
बालोद। आम नागरिकों को राशन कार्ड संबंधी सेवाएं अब और आसान तरीके से उपलब्ध होंगी। सेवा-सेतु पोर्टल के माध्यम से अब नवीन राशन कार्ड बनवाने, राशन कार्ड में नए सदस्य का नाम जोड़ने तथा सदस्य का नाम विलोपित (हटाने) की ऑनलाइन सुविधा शुरू की गई है।
इस सुविधा के तहत अंत्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित एवं निःशक्तजन श्रेणी के हितग्राही नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने के साथ ही नाम जोड़ने या हटाने के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जिले के सभी लोक सेवा केंद्रों में आवेदक 30 रुपये की निर्धारित शुल्क जमा कर इन तीनों सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आम नागरिकों को इस नई सुविधा की जानकारी देने के लिए ग्राम पंचायतों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बैनर-पोस्टर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड संबंधी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो सकें।









