30 जून की रात घर में घुसकर डंडों से किया था जानलेवा हमला, घायल गौकरण साहू ने भिलाई अस्पताल में तोड़ा दम; एफआईआर में जुड़ेंगी हत्या की धाराएं।
बालोद। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर (क) में 30 जून की रात हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू (38) की इलाज के दौरान भिलाई के अस्पताल में बुधवार को मौत हो गई। घटना के आठ दिन बाद हुई मौत के बाद पुलिस अब इस मामले में पहले से गिरफ्तार छह आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्रकरण में हत्या की धारा 103 (बीएनएस) भी जोड़ेगी।
घर में घुसकर किया था हमला
देवरी पुलिस के अनुसार, 30 जून की रात गौकरण साहू अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान भानुप्रताप जैन अपने पांच साथियों के साथ घर में घुसा और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर हालत में गौकरण को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
6 आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में भानुप्रताप जैन (18) निवासी खपराभाट (हाल निवासी अंबेडकर चौक, टंकी मड़ौदा, थाना नेवई), नीरज रस्तोगी (18), तुषार निर्मलकर (20), दिनेश ढीमर (25), कुंदन यादव (18) तथा दीपेश पटेल (18) निवासी बहेराभाठा, देवरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
डेढ़ साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब डेढ़ साल पहले बाजार में पीड़ित द्वारा आरोपी भानुप्रताप जैन और उसके पिता को घर बुलाकर कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया था। इसी बात का बदला लेने की नीयत से आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमले की साजिश रची थी।
13 वर्षीय बेटी ने पहचान लिए थे आरोपी
घटना वाली रात गौकरण साहू की 13 वर्षीय बेटी ने हमलावरों को पहचान लिया था। उसकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब पीड़ित की मौत के बाद पुलिस मामले में हत्या की धारा जोड़कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
————————————
दर्शन बालोद | पत्रकारिता का नया युग प्रारंभ







