DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बेटियों के सपनों को मिले नए पहिए: भैंसबोड़ स्कूल में नवप्रवेशित छात्राओं को मिली निःशुल्क सरस्वती साइकिल

डौण्डी। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और छात्राओं की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती निःशुल्क साइकिल योजना के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसबोड़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा नवमी में अध्ययनरत नवप्रवेशित पात्र छात्राओं को 8 जुलाई 2026 को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।

साइकिल वितरण कार्यक्रम में ग्राम पंचायत भैंसबोड़ के सरपंच चित्रकांत ठाकुर, शाला विकास समिति के अध्यक्ष गौकरण देवांगन, उपसरपंच कुलेश्वर सिंह, शिक्षाविद् भूषण देवांगन, शाला विकास समिति की उपाध्यक्ष अंबा देवांगन, पंच भारती सलाम, अन्नपूर्णा, ममता, वीणा आलेन्द्र सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक, पालक, विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शासन की सरस्वती निःशुल्क साइकिल योजना ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है, जिससे विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना की सराहना करते हुए इसे बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। समारोह का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया।

You cannot copy content of this page