DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

महावीर स्कूल गली में अवैध शराब का जखीरा पकड़ा: 32 पौवा देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, बालोद पुलिस की कार्रवाई

बालोद। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए परिवहन एवं भंडारण कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 पौवा देशी प्लेन शराब (कुल 5.760 बल्क लीटर) जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,560 रुपये बताई गई है।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोनीफॉस एक्का ने की, जबकि कार्रवाई थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में थाना स्तर पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को जुर्म-जरायम पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जवाहरपारा बालोद स्थित महावीर स्कूल गली के पास मोहन लाल पंजवानी अवैध रूप से बिक्री के लिए अधिक मात्रा में शराब रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से शिवम प्रीमियम क्वालिटी लिखी पीले रंग की प्लास्टिक चावल बोरी में रखे 26 पौवा सवा शेरा देशी प्लेन शराब तथा 6 पौवा शोले देशी प्लेन शराब, प्रत्येक 180-180 मिलीलीटर की कुल 32 पौवा (5.760 बल्क लीटर) शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहन लाल पंजवानी (56 वर्ष), पिता बिरझु राम पंजवानी, निवासी वार्ड क्रमांक 7, जवाहरपारा, बालोद के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रधान आरक्षक दुर्योधन यादव, आरक्षक बनवाली साहू एवं आरक्षक संजय सोनी की विशेष सराहनीय भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page