शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव में भूतपूर्व छात्र की अनूठी पहल, सफलता का जश्न विद्यार्थियों के साथ मनाकर दिया मेहनत का संदेश

डौंडीलोहारा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव में एक ऐसा प्रेरणादायी और अनुकरणीय आयोजन देखने को मिला, जिसने शिक्षक, विद्यार्थियों और पालकों का दिल जीत लिया। विद्यालय के भूतपूर्व छात्र मयंक साहू ने जल संसाधन विभाग में सब इंजीनियर के पद पर चयनित होने के बाद अपनी सफलता का जश्न अपने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ मनाया और सभी बच्चों तथा शिक्षकों को स्वल्पाहार कराया। विद्यालय में इसे हायर सेकेंडरी स्तर पर अपनी तरह का पहला और अनूठा आयोजन माना जा रहा है।
मयंक साहू, पिता ईश्वर लाल साहू, निवासी ग्राम चिल्हाटीकला, ने वर्ष 2016 में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव से गणित संकाय में बारहवीं उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने रूंगटा कॉलेज, दुर्ग से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। अपनी लगन, मेहनत और निरंतर प्रयासों के बल पर उनका चयन जल संसाधन विभाग में सब इंजीनियर के पद पर हुआ और वर्तमान में वे सुकमा में पदस्थ हैं।
अपनी इस उपलब्धि की खुशी में मयंक साहू ने उसी विद्यालय में पहुंचकर, जहां से उन्होंने शिक्षा की शुरुआत की थी, विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ सफलता का आनंद साझा किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को स्वल्पाहार कराते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति समर्पित रहने, कठिन परिश्रम करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य जे.के. उइके ने शाला परिवार की ओर से मयंक साहू एवं उनके पालक का मस्तक अभिषेक कर सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के भूतपूर्व छात्र की यह पहल अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे बच्चों में आगे बढ़ने का उत्साह बढ़ेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त व्याख्याता, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं पालक उपस्थित रहे। सभी ने मयंक साहू की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यार्थियों से उनके संघर्ष, मेहनत और सफलता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।













