DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

430 से अधिक मरीजों को मिला स्वास्थ्य लाभ: राजहरा व्यापारी संघ के निःशुल्क शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं

रायपुर से पहुंची विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, चर्म रोग, बीपी, शुगर जांच से लेकर सोनोग्राफी तक की निःशुल्क सुविधा; हर माह शिविर लगाने की घोषणा

दल्लीराजहरा। नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजहरा व्यापारी संघ एवं छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में 10 जुलाई को सिंधी भवन, रेलवे कॉलोनी रोड में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रायपुर से पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। पूरे दिन चले इस शिविर में 430 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया।

शिविर में चर्म रोग, रक्तचाप (बीपी), शुगर जांच के साथ-साथ सोनोग्राफी जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं और बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों तथा बच्चों ने स्वास्थ्य जांच कराई।

रायपुर से पहुंचे डॉ. विकास अग्रवाल, डॉ. मनोज चेलानी, डॉ. अनूप तिग्गा, डॉ. सोनल बघेल, डॉ. प्रेमराज डेपप्टा, डॉ. मोहित पटेल, डॉ. सत्यम सोनी, डॉ. निशा सोनी, डॉ. सोनिया एवं डॉ. आशुतोष सहित उनकी पूरी टीम तथा गौतम नर्सिंग स्टाफ ने मरीजों का परीक्षण कर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सलाह दी। चिकित्सकों ने संतुलित खान-पान, स्वस्थ जीवनशैली और विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के लिए भी मार्गदर्शन दिया।

शिविर के मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुरेश कुमार साहू थे। विशिष्ट अतिथि सीएसपी विकास पाटले एवं थाना प्रभारी अविनाश सिंह भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर आम लोगों को बड़ी राहत प्रदान करते हैं और समाज के प्रति व्यापारी संघ की संवेदनशील सोच का परिचय देते हैं।

राजहरा व्यापारी संघ के अध्यक्ष गोविंद वाधवानी ने बताया कि दल्लीराजहरा एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी रायपुर, दुर्ग और भिलाई जाना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए व्यापारी संघ ने यह पहल की है। उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में हर माह निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

शिविर को सफल बनाने में अध्यक्ष गोविंद वाधवानी, अशोक लोहिया, सतीश कांबले, प्रेम जायसवाल, कैलाश छाजेड़, शंकर कुकरेजा, राघवेंद्र शर्मा, क्रांति जैन, अमित जायसवाल, राजू सोनी, स्वाधीन जैन, पवन सोनी, महावीर चोपड़ा, संदीप गोगड़, अर्पित गुणधर, आलोक गुणधर, रमेश जैन, झूमर लाल छाजेड़, महेंद्र भाई पटेल, किशोर कराडे सहित व्यापारी संघ के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पंजीयन, दवा वितरण और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।

शिविर से लाभान्वित मरीजों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिली, जिससे समय और धन दोनों की बचत हुई। आयोजकों ने भविष्य में और अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों को जोड़कर इस सेवा को और व्यापक बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page