DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

“एक पेड़, एक पुत्र” का संदेश: स्काउट-गाइड ने डौंडी में शुरू किया वृहद वृक्षारोपण अभियान, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प

डौण्डी। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने डौण्डी विकासखंड में वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। 7 जुलाई को विकासखंड कार्यालय डौण्डी के समीप मैदान में आयोजित इस अभियान के तहत छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।

यह अभियान भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य मुख्यालय रायपुर के मार्गदर्शन तथा जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव के संरक्षण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे के आदेशानुसार, जिला सचिव के.एल. गजेन्द्र एवं जिला संगठन आयुक्त (डी.ओ.सी.) नेमसिंह साहू और प्रेमलता चंद्राकर के निर्देशन में संपन्न हुआ।

वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार चतुर्वेदी, विकासखंड सचिव सेवाराम प्रेमन तथा संयुक्त सचिव तनुजा बंजारे ने किया। इस दौरान स्काउट-गाइड सदस्यों ने बड़ी संख्या में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देशभर में चल रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने “एक पेड़, एक पुत्र के समान” का संकल्प लेते हुए कहा कि बिना पेड़ों के मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। लगातार हो रहे वनों की कटाई से प्रकृति का संतुलन बिगड़ रहा है और पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम पांच पौधे लगाने और उनकी बच्चों की तरह देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में तनुजा बंजारे, योगेश्वर प्रसाद गांगुली, योगेश नायक, बलेश्वरी कलीहारी, गायत्री देवांगन, मिथिला सिंघारे, पुष्पलता गंजीर, युगल किशोर तारम, एच.के. लेनपांडे सहित बड़ी संख्या में स्काउटर, गाइडर एवं स्काउट-गाइड सदस्य उपस्थित रहे।

विकासखंड डौण्डी में आयोजित इस वृहद वृक्षारोपण अभियान पर जिला संघ बालोद के समस्त पदाधिकारियों एवं स्काउटर-गाइडर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया।

You cannot copy content of this page