
भव्य प्रवेश द्वार, लिफ्ट, चौड़ा फुटओवर ब्रिज, कोच गाइडेंस सिस्टम और दिव्यांग सुविधाओं से लैस होंगे बालोद व सरोना स्टेशन
बालोद/रायपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में बालोद और सरोना रेलवे स्टेशन का तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद के मार्गदर्शन में दोनों स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आकर्षक बनाया जा रहा है। भारतीय रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के साथ स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ना है।
रेलवे द्वारा स्टेशन परिसर की सुंदरता, स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्यावरण अनुकूल तकनीक और आधुनिक डिज़ाइन के साथ पुनर्विकास कार्य किया जा रहा है। इससे न केवल स्टेशनों का स्वरूप बदलेगा बल्कि भविष्य में बढ़ते रेल यातायात की आवश्यकताओं को भी पूरा किया जा सकेगा।

पुनर्विकास के तहत भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को स्टेशन में प्रवेश और निकास की बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं चौड़े फुट ओवर ब्रिज को एयर कॉन्कोर्स की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में आसानी होगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को राहत मिलेगी। प्लेटफॉर्म पर धूप और बारिश से बचाव के लिए कवर शेड लगाए जा रहे हैं। साथ ही कोच गाइडेंस डिस्प्ले सिस्टम स्थापित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को ट्रेन के कोच की सटीक स्थिति की जानकारी मिल सकेगी।
स्टेशन परिसर में आधुनिक डिस्प्ले बोर्ड एवं साइनेज लगाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को सभी सुविधाओं और मार्गों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, आरक्षित पार्किंग, लो-हाइट टिकट काउंटर, विशेष शौचालय, लो-हाइट पेयजल सुविधा और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

इसके अलावा स्टेशन परिसर में स्थानीय कला एवं संस्कृति की चित्रकारी, गार्डन निर्माण, प्रतीक्षालयों का नवीनीकरण, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, चौड़ी सड़कें, सुव्यवस्थित पार्किंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा स्टेशन तक पहुंचने के लिए सुगम मार्ग तैयार किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को आधुनिक और आकर्षक वातावरण मिल सके।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे, बेहतर निगरानी व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। इन सभी सुविधाओं के विकसित होने से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे ये कार्य केवल रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत नहीं करेंगे, बल्कि बालोद और आसपास के क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति प्रदान करेंगे।













