बालिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, छात्राओं को नियमित विद्यालय आने और सुरक्षित यातायात के लिए किया गया प्रेरित
बालोद। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत सेजेस अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम स्कूल मोहंदीपाट में पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों, पालकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती बिमला इक्का ने योजना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस योजना का मुख्य लक्ष्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति को कम करना है। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसके बाद पात्र छात्राओं को अतिथियों के हाथों निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने, नियमित रूप से विद्यालय आने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्रीमती बिमला इक्का ने सभी अतिथियों, पालकों, विद्यालय परिवार एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। सभी के सहयोग एवं सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।












