DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बस स्टैंड की वर्षों पुरानी जलभराव समस्या होगी खत्म: 23 लाख की नई नाली से मिलेगी स्थायी राहत

भूमिपूजन के साथ शुरू हुआ निर्माण कार्य, यात्रियों और व्यापारियों को बरसात में नहीं होगी परेशानी

बालोद। शहर के प्रमुख बस स्टैंड में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-930) स्थित बस स्टैंड के सामने 23 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नई नाली के निर्माण कार्य का शनिवार को विधिवत भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया गया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बरसात के दौरान बस स्टैंड परिसर में जलभराव की समस्या से यात्रियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार पूर्व में निर्मित नाली तकनीकी रूप से पर्याप्त नहीं थी, जिसके कारण हल्की बारिश में भी बस स्टैंड परिसर में पानी भर जाता था। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था, वहीं आसपास के व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। स्थानीय नागरिक और व्यापारी लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी के सतत प्रयासों से इस बहुप्रतीक्षित कार्य को स्वीकृति मिली। वहीं उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन और सहयोग से 23 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नई नाली का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नाली निर्माण पूरा होने के बाद बस स्टैंड क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और बरसात में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही विश्वास जताया कि यह निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा होगा और प्रतिदिन हजारों यात्रियों, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव, नगर पालिका परिषद बालोद की उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, पार्षद गिरजेश गुप्ता, प्रीतम यादव, गोकुल ठाकुर, बंटी शर्मा, रवि प्रकाश पांडेय, सुनीता मनहर, गोमती रात्रे, श्यामा यादव, पुष्पा साहू, जागेश्वर ढीमर, हितेश्वरी कौशिक, कांति तरुण साहू एवं आशा पटेल उपस्थित रहे।

इसके अलावा बालोद चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष हरीश सांखला, भाजपा शहर मंडल के उपाध्यक्ष महेश पाठक एवं श्रवण टावरी, दानमल जैन, प्रतिमा यादव, दीप्ति यादव, छवि सार्वा, प्रीतिबाला साहू, संजय शर्मा, राज सोनी, हेमराज जग्यासी, किशोर बाफना, बस स्टैंड के व्यापारी तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

नई नाली के निर्माण से बस स्टैंड क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होने से यात्रियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

You cannot copy content of this page