नवनिर्वाचित छात्र नेताओं ने ली शपथ, प्राचार्य ने सौंपा अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी का संदेश
रेंगाडबरी। विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगाडबरी में 11 जुलाई 2026 (शनिवार) को छात्र प्रतिनिधि चुनाव का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए चुनाव में विभिन्न पदों के लिए छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।
चुनाव परिणाम के अनुसार कु. नमिता (कक्षा 12वीं) को शाला नायक, कु. तिलेश्वर (कक्षा 11वीं) को उपशाला नायक, कु. खुशी साहू (कक्षा 12वीं) को छात्रा प्रतिनिधि, कु. सिन्धु (कक्षा 11वीं) को उपछात्रा प्रतिनिधि, सौकत (कक्षा 12वीं) को अनुशासन सचिव, कु. पूर्वशी (कक्षा 11वीं) को क्रीड़ा सचिव, कु. खुशी (कक्षा 12वीं) को सांस्कृतिक सचिव, तामेश्वर (कक्षा 11वीं) को इको क्लब सचिव तथा कु. भूमिका को विज्ञान सचिव चुना गया। इसके अलावा कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के लिए कक्षा नायक और उपकक्षा नायक का भी चयन किया गया।
चुनाव के बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में व्याख्याता एल.एल. गोटे ने सभी नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य जी.आर. भुआर्य ने छात्र प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए विद्यालय में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एम.एल. शिवने, आर.के. ठाकुर, सुधीर साहू, सुरेंद्र कुमार, कौशल्या कुंजन (व्याख्याता), पी.एल. रावटे एवं के.एल. साहू (सहायक शिक्षक विज्ञान) तथा जागेश्वरी भृत्य सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
विद्यालय में आयोजित यह छात्र प्रतिनिधि चुनाव विद्यार्थियों के लिए लोकतंत्र की व्यावहारिक सीख और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
— नेमन साहू, रेंगाडबरी












