लोक निर्माण विभाग की मुख्य कार्यपालन अभियंता श्रीमती पूर्णिमा चंद्रा की सराहनीय पहल, बच्चों को दिया शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन
बालोद। वनांचल क्षेत्र के ग्राम हर्राठेमा स्थित प्राथमिक शाला के अभावग्रस्त 35 छात्र-छात्राओं को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की मुख्य कार्यपालन अभियंता श्रीमती पूर्णिमा चंद्रा ने स्कूल बैग भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बच्चों का मुंह मीठा कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने श्रीमती पूर्णिमा चंद्रा के इस प्रेरणादायी सामाजिक कार्य की मुक्तकंठ से सराहना की। व्याख्याता श्री चमन कलिहारी, प्राचार्य श्री अरविंद कुमार यदु, माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक डी.एल. करियाम, प्राथमिक शाला के प्रभारी प्रधान पाठक दिलीप साहू सहित समस्त शिक्षकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और इस अभियान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्रीमती पूर्णिमा चंद्रा ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी की सब इंजीनियर श्रीमती अनिता त्रिपुरे भी उपस्थित रहीं। अंत में विद्यार्थियों ने सर्वधर्म प्रार्थना के माध्यम से अतिथियों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री सी.एल. कलिहारी ने किया।













