
शहीदों के सम्मान में जुटे जनप्रतिनिधि व नागरिक, ‘रक्तवीर’ और ग्रीन कमांडो भी हुए सम्मानित
देवरी बंगला। मदनवाड़ा नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक वी.के. चौबे सहित 29 अमर शहीदों एवं ग्राम देवरी के वीर सपूत शहीद रितेश वैष्णव की पुण्यतिथि पर रविवार को हाई स्कूल मैदान, देवरी में श्रद्धांजलि समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
वृक्षारोपण और दौड़ प्रतियोगिता से दिया जनजागरण का संदेश
श्रद्धांजलि के बाद परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया। साथ ही युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
जनसंकल्प सेवा समिति कर रही समाजहित में कई कार्य
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं जनसंकल्प सेवा समिति के अध्यक्ष भरत देवांगन ने बताया कि समिति क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं संचालित कर रही है। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक अभियान भी निरंतर चलाए जा रहे हैं।
शहीदों का बलिदान हमेशा रहेगा प्रेरणा का स्रोत: राकेश पाण्डेय

मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने कहा कि मदनवाड़ा के अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान और साहस के कारण आज प्रदेश नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि शहीदों का त्याग आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और साहस की प्रेरणा देता रहेगा।
समाजसेवियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मानव सेवा के क्षेत्र में 57वीं बार रक्तदान करने वाले चौलेश देशमुख को “रक्तवीर सम्मान” से सम्मानित किया गया। वहीं पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ग्रीन कमांडो वीरेंद्र सिंह एवं शुभम साहू को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी संध्या परगनिया, भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, बिलासपुर संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, मंडल प्रभारी हरीश कटझरे, मंडल अध्यक्ष विवेक वैष्णव, जिला उपाध्यक्ष टिनेश्वर बघेल, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, पूर्व जिला महामंत्री किशोरी साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रभा नायक, पोषण देवांगन, सरपंच डोमेन्द्र मंडावी, जनपद सदस्य दुलारी देवांगन, टुमन साहू, सुनील गोलछा, फानेश्वर साहू, उत्तम साहू, रामलाल नायक, पिनकापार चौकी प्रभारी राजेश ठाकुर, स्थानीय थाना स्टाफ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं नागरिकों के प्रति आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।












