DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मतदाता जागरूकता का संदेश: किल्लेकोडा विद्यालय में निबंध, रंगोली और रैली से लोकतंत्र का पाठ

मतदान प्रक्रिया का कराया गया डेमो, विजेता विद्यार्थियों को कॉपी-पेन देकर किया सम्मानित

बालोद। वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किल्लेकोडा में प्राचार्य अजय मुखर्जी एवं व्याख्याता डॉ. बी.एल. साहसी के निर्देशन में मतदाता जागरूकता दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाता के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता विषय पर निबंध प्रतियोगिता, मतदान संबंधी प्रश्नोत्तरी एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। रंगोली प्रतियोगिता में पांच समूहों ने भाग लिया। प्रथम स्थान ग्रुप-03 (कशिश, प्राची, सुलोचना एवं भुनेश्वरी – कक्षा 11वीं), द्वितीय स्थान ग्रुप-02 (खुशी, उदिति, प्रेरणा, हेमा एवं ललेश्वरी – कक्षा 9वीं) तथा तृतीय स्थान ग्रुप-05 (यमुना, दिव्या, हेमा, तनु, खुशी एवं टामिन – कक्षा 11वीं) ने प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को प्राचार्य द्वारा कॉपी एवं पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मतदान के अधिकार और जिम्मेदारी की दी जानकारी

प्राचार्य अजय मुखर्जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान का अधिकार प्राप्त प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह योग्य और ईमानदार जनप्रतिनिधि का चुनाव करे, जो समाज, राज्य और देश के विकास में योगदान दे सके। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मतदान की पूरी प्रक्रिया का डेमो भी दिखाया गया।

डॉ. बी.एल. साहसी ने निष्पक्ष चुनाव, मतदाता के अधिकार एवं मतदान की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी देते हुए जागरूकता अभियान के सफल संचालन के लिए सी.जी. पटेल, हेमेंद्र साहू, घनश्याम पटेल, श्रीमती त्रिजला ठाकुर एवं श्रीमती एम. गुप्ता की टीम का गठन किया।

जागरूकता रैली निकालकर दिया लोकतंत्र का संदेश

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर नारों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। व्याख्याता सी.जी. पटेल ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया समझने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उत्तरदायित्व की भावना मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में जे.पी. बांधव ने आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने ऐसे आयोजनों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

You cannot copy content of this page