DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

डौंडीलोहारा की 5 ग्राम पंचायतों में बनेंगे नए उप स्वास्थ्य केंद्र, ₹1.42 करोड़ से अधिक की मिली स्वीकृति

15वें वित्त आयोग के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आधार, हजारों ग्रामीणों को होगा सीधा लाभ

डौंडीलोहारा (बालोद)। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वास्थ्य क्षेत्र अनुदान के तहत जिला बालोद के लिए ₹1.42 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से विकासखंड डौंडीलोहारा की पांच ग्राम पंचायतों में नए उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण कराया जाएगा।

स्वीकृत योजना के तहत मनकी (सा.), पीनकापार, हड़गहन, गहिरा नवागांव और देवरी में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन बनाए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र के निर्माण के लिए ₹28.51 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। सभी भवनों का निर्माण संबंधित ग्राम पंचायतों द्वारा कराया जाएगा।

ग्रामीणों की लंबे समय से मांग थी कि उनके गांवों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने के कारण लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियां होती थीं। ग्रामीणों की इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इन उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की है।

नए स्वास्थ्य केंद्र बनने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इससे उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, प्राथमिक उपचार और सामान्य स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार होगा।

इस निर्णय पर पांचों ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर टिनेश्वर बघेल, श्रीमती शकुंतला बघेल, संतराम साहू, मुकेश सेन, महर सिंह ठाकुर, राधेश्याम देवांगन, विवेक वैष्णव, सुरेश साहू, मुन्ना सिन्हा, अशोक परसाई, डोमेन्द्र मंडावी, मिथिलेश शर्मा, पवन श्रीवास, पुरुषोत्तम देवांगन, मदन श्रीवास, श्रीमती कुंती साहू, काशी गिरी गोस्वामी, गिरधारी देवांगन, इंदू भुआर्य, डिलेश्वर मुंडा, दिलीप मारकंडे, नरेश सोनी, तरण रजक, रउज भुआर्य, अशोक देवांगन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page