डौंडीलोहारा ब्लॉक के लगभग 300 व्याख्याता शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक से शिक्षण पर दिया गया जोर
डौंडीलोहारा। शिक्षा में तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीजी दुनिया प्रोजेक्ट के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव में डौंडीलोहारा विकासखंड के व्याख्याता शिक्षकों के लिए आईसीटी एवं स्मार्ट क्लासरूम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ब्लॉक के लगभग 300 शिक्षकों ने भाग लेकर डिजिटल शिक्षण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को प्रोजेक्टर को लैपटॉप से जोड़ने, आईसीटी लैब का संचालन, स्मार्ट क्लासरूम के प्रभावी उपयोग तथा डिजिटल संसाधनों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर विद्यार्थियों को रोचक एवं प्रभावी ढंग से पढ़ाने के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए।
इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर प्यारेलाल सिन्हा, युगेंद्र रात्रे एवं रजिंदर भुआर्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने शिक्षकों को आईसीटी उपकरणों के संचालन और स्मार्ट कक्षाओं के बेहतर उपयोग का प्रशिक्षण प्रदान किया।
विद्यालय के संस्था प्रमुख जितेंद्र कुमार उइके ने कहा कि आज के समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए तकनीक का उपयोग आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से आईसीटी लैब एवं स्मार्ट क्लासरूम का नियमित उपयोग करते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक एवं नवाचारपूर्ण तरीके से शिक्षण कार्य कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को विषयों को समझने, सीखने और डिजिटल कौशल विकसित करने में काफी सहायता मिलेगी।










