कपिलेश्वर मंदिर से दोपहर 1:30 बजे होगा शुभारंभ, हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा करेंगे नगर भ्रमण
बालोद। भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथयात्रा इस वर्ष 16 जुलाई को बालोद नगर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। भगवान श्रीजगन्नाथ रथयात्रा समिति, बालोद के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथयात्रा का शुभारंभ दोपहर 1:30 बजे स्थानीय प्राचीन कपिलेश्वर मंदिर से होगा। आकर्षक ढंग से सुसज्जित भव्य रथ पर भगवान श्रीजगन्नाथ अपने बड़े भाई भगवान बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा के साथ विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। पारंपरिक वाद्ययंत्रों, गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और जय श्रीजगन्नाथ के जयघोषों के बीच निकलने वाली यह शोभायात्रा पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर देगी।
रथयात्रा कपिलेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर बुधवारी बाजार, हलधरनाथ योगी चौक, मोखला मांझी, मधु चौक, जय स्तंभ चौक, शीतला मंदिर, नया बस स्टैंड, दल्ली चौक, घड़ी चौक एवं सदर बाजार से होते हुए पुनः कपिलेश्वर मंदिर पहुंचेगी।
भगवान श्रीजगन्नाथ रथयात्रा समिति ने नगर के गणमान्य नागरिकों, धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं तथा बालोद एवं आसपास के सभी ग्रामों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्रीजगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा रथयात्रा को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।










