बेलरगोंदी–डौंडी मार्ग पर एक्टिवा और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत, एक घायल बालोद रेफर
विक्की जायसवाल डौंडी। बालोद जिले के डौंडी क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी कोमलचंद जैन (57 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चालक रवि दीक्षित, निवासी डौंडी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक घटना से पूरे नगर में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोमलचंद जैन अपनी एक्टिवा से डौंडी से बेलरगोंदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेलरगोंदी–डौंडी मुख्य मार्ग पर सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कोमलचंद जैन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मोटरसाइकिल चालक रवि दीक्षित गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद कोमलचंद जैन को मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि दीक्षित की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
कोमलचंद जैन के निधन का समाचार मिलते ही डौंडी नगर के व्यापारिक, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। वे अपने सरल स्वभाव, सामाजिक सक्रियता और व्यापारिक प्रतिष्ठा के लिए जाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन पर बड़ी संख्या में व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।









