सेजेस खलारी के व्याख्याता धर्मेंद्र कुमार श्रवण को मिला ‘स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026’
शिक्षा में नवाचार, अनुशासन और उत्कृष्ट योगदान के लिए हुए सम्मानित, देशभर के 250 उत्कृष्ट शिक्षकों में हुए शामिल
बालोद। आदिवासी विकासखंड डौंडी के वनांचल स्थित सेजेस (स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय) खलारी के व्याख्याता एवं राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक धर्मेंद्र कुमार श्रवण को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें लोकप्रिय संस्था राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा आयोजित भव्य राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।
देशभर के 250 उत्कृष्ट शिक्षकों को किया गया सम्मानित
शांति नगर स्थित विमतारा भवन में आयोजित समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 250 उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्र ने की, जबकि राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षाविद् डॉ. प्रज्ञा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और पौधा देकर किया सम्मान
समारोह में सम्मानित शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र, आकर्षक स्मृति चिन्ह (मोमेंटो), पहचान पत्र (आईडी कार्ड) तथा काली हल्दी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। व्याख्याता धर्मेंद्र कुमार श्रवण को उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य, नवाचार, अनुशासन एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
“शिक्षक केवल पढ़ाता नहीं, भविष्य गढ़ता है”
सम्मान प्राप्त करने के बाद धर्मेंद्र कुमार श्रवण ने कहा कि शिक्षक का कार्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, संस्कार, संस्कृति और सभ्यता को सुदृढ़ करना भी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण एवं नवाचार के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
शिक्षा अंजोर भारत का उद्देश्य
राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत एक सामाजिक एवं शैक्षिक अभियान है, जिसका उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षा सेवियों को प्रोत्साहित करना है। संस्था गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार आधारित शिक्षण, सामुदायिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्र, संरक्षक मनोज वर्मा, दिजेंद्र कुर्रे, प्रेमचंद साव, डॉ. प्रज्ञा सिंह, रिंकल बग्गा, तरुण कुमार दास, पीतांबर मानिकपुरी, अजय कुमार जायसवाल, जितेंद्र मिश्रा, रुद्र नारायण तिवारी, वीरेंद्र कुमार कर, रीता पति, शैलेन्द्र नायक, मनोज मुच्छावड़, योगेश सिंह ठाकुर, गायत्री मिश्रा, एम.एन. वर्मा, आनंद शर्मा सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
व्याख्याता धर्मेंद्र कुमार श्रवण को राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर सेजेस खलारी के प्राचार्य जॉनसन, वरिष्ठ व्याख्याता जी.एस. कोर्राम, भीखम रावटे, मनमोहन धाकड़ सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।












