DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

समाज सेवा को मिला सम्मान

परिक्षेत्र साहू समाज ने पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस एवं जनप्रतिनिधि संतोष जैन का किया भव्य सम्मान

समाज भवन में मूलभूत सुविधाओं के विकास में योगदान की सराहना, समाज हित में निरंतर सहयोग का जताया आभार

कुसुमकसा (बालोद)। परिक्षेत्र साहू समाज कुसुमकसा द्वारा समाज हित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस एवं ग्राम पंचायत के सक्रिय जनप्रतिनिधि संतोष जैन का साहू समाज भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिक्षेत्र साहू समाज के अध्यक्ष टिकेंद्र साहू ने की। समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दोनों अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।


मां कर्मा की पूजा-अर्चना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ साहू समाज की आराध्य मां कर्मा देवी की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्वागत उद्बोधन में परिक्षेत्र साहू समाज के अध्यक्ष टिकेंद्र साहू ने कहा कि समाज भवन का निर्माण जनसहयोग से हुआ था, लेकिन शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में समाजजनों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

उन्होंने बताया कि समाज की इस आवश्यकता से अवगत कराने पर संजय बैस ने तत्काल पहल करते हुए 4 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई, जिससे समाज भवन में शौचालय निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने कहा कि समाज इस सहयोग को सदैव याद रखेगा।


समाज के विकास में रहा महत्वपूर्ण योगदान

ग्रामीण साहू समाज के अध्यक्ष गौतम साहू ने कहा कि संजय बैस ने हमेशा समाज की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी है। समाज भवन में पंखे, कुर्सियां एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनका जनसेवा का भाव किसी एक समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि वे सर्वसमाज के विकास और क्षेत्र की प्रगति के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं।


“समाज की जरूरत होगी, तो हमेशा साथ खड़ा रहूंगा” : संजय बैस

सम्मान स्वीकार करते हुए पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास, स्नेह और सहयोग का सम्मान है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति तभी संभव है, जब उसके सामाजिक भवनों एवं संस्थाओं में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।

उन्होंने समाजजनों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि “जब-जब समाज को मेरी आवश्यकता पड़ेगी, मैं सदैव समाज के साथ खड़ा रहूंगा और समाज हित के कार्यों में अपना पूरा सहयोग देता रहूंगा।”


इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन गौरी शंकर साहू ने किया, जबकि तुकाराम साहू ने आभार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर सचिव तुकाराम साहू, तहसील साहू समाज के मोहन साहू, डॉ. सेतराम साहू, संगठन सचिव मिनी साहू, उपाध्यक्ष केशव साहू, लक्ष्मी साहू, दशरथ साहू, जितेंद्र साहू, तेजराम साहू, देवशरण साहू, रोहित साहू, लवन साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page