आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण

लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से बदला स्टेशन का स्वरूप, आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों को मिलेगा विश्वस्तरीय अनुभव
बालोद, 17 जुलाई 2026। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बालोद जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण एवं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बालोद एवं सरोना रेलवे स्टेशन भी इस अवसर पर राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे।
6 करोड़ रुपये की लागत से हुआ स्टेशन का कायाकल्प

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से बालोद रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। यह विकास कार्य क्षेत्रीय रेल संपर्क को मजबूत करने के साथ-साथ जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति देगा।
मिलेंगी आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं

पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर 340 वर्गमीटर का नया कॉनकोर्स भवन, 4,236 वर्गमीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, नया भव्य प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म शेल्टर का विस्तार, प्लेटफॉर्म सरफेसिंग में सुधार तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति को दर्शाने वाली आकर्षक सज्जा विकसित की गई है।
इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा आधुनिक साइनेज भी लगाए गए हैं।
सुरक्षा और सुविधा को दी गई प्राथमिकता
स्टेशन परिसर में 1,200 वर्गमीटर का दोपहिया एवं चारपहिया पार्किंग क्षेत्र, 10 सीसीटीवी कैमरे, एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली तथा सोलर लाइट मास्ट स्थापित किए गए हैं। इन सुविधाओं से स्टेशन की सुरक्षा, स्वच्छता, ऊर्जा दक्षता और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

बालोद जिला दल्लीराजहरा लौह अयस्क खदानों, तांदुला जलाशय तथा प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है। आधुनिक रेलवे स्टेशन बनने से इन क्षेत्रों तक पहुंच और अधिक सुगम होगी। इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन, निवेश तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।
आज दोपहर 2 बजे होगा लोकार्पण समारोह
लोकार्पण समारोह का आयोजन शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे बालोद एवं सरोना रेलवे स्टेशन पर किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और पुनर्विकसित स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बालोद रेलवे स्टेशन का यह कायाकल्प न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि जिले के विकास, संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा प्रदान करेगा।













