सुरडोंगर में मां कर्मा एवं महाप्रभु जगन्नाथ स्वामी की मूर्ति स्थापना, रथयात्रा पर्व पर हुआ भव्य धार्मिक आयोजन
ग्रामीण साहू समाज ने की प्राण-प्रतिष्ठा, नव निर्मित धान खरीदी केंद्र परिसर में किया वृक्षारोपण
बालोद। महाप्रभु श्री जगन्नाथ रथयात्रा के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत मरकाटोला उर्फ सुरडोंगर के ग्राम सुरडोंगर स्थित कर्मा भवन में मां भक्त माता कर्मा एवं महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी की मूर्तियों की स्थापना श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ की गई। इस धार्मिक आयोजन का आयोजन ग्रामीण साहू समाज द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्तियों की स्थापना संपन्न हुई। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, सदस्य, माताएं, बहनें एवं युवा साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए धर्म एवं संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

इस अवसर पर श्री टुमन साहू एवं उनके परिवार द्वारा मां कर्मा एवं महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी की मूर्तियों का दान किया गया। ग्रामीण साहू समाज ने उनके इस धार्मिक योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
धार्मिक आयोजन के साथ-साथ ग्रामीण साहू समाज ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नव निर्मित धान खरीदी केंद्र परिसर में वृक्षारोपण भी किया। समाजजनों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का यह आयोजन ग्रामीण साहू समाज की एकजुटता तथा समाज सेवा की भावना का प्रेरक उदाहरण बना।













