DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : विजय पारख

गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों और लापरवाही के खिलाफ शिवसेना करेगी उग्र आंदोलन : पारख

बालोद। शिवसेना नेता विजय पारख ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जिले में शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं के निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विजय पारख ने आरोप लगाया कि जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनपद पंचायत के ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के माध्यम से सड़क, नाली, पचरी, भवन सहित अन्य निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों में गुणवत्ता एवं स्वीकृत प्राक्कलन (स्टीमेट) के अनुरूप निर्माण को लेकर लापरवाही की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्यों में अनियमितता एवं लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाया गया तो शिवसेना संबंधित विभाग के इंजीनियरों एवं उच्चाधिकारियों के खिलाफ उग्र आंदोलन एवं प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार और प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है। इसके बावजूद कुछ विभागों में ठेकेदारों, अधिकारियों एवं बिचौलियों द्वारा कथित रूप से इसका नाजायज फायदा उठाए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।

पारख ने कहा कि जनदर्शन, जनसमस्या निवारण एवं सुशासन तिहार जैसे आयोजनों के बावजूद यदि आम जनता को शासन की विकासपरक, गुणवत्तापूर्ण एवं दूरदर्शी योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल रहा है, तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जनहित के मामलों में लापरवाही करने वाली प्रशासनिक व्यवस्था का शिवसेना द्वारा मौके पर ही विरोध किया जाएगा।

शिवसेना नेता ने कहा कि गांव-गांव में शिवसेना के संगठन का गठन किए जाने की मांग जोर पकड़ रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रमुख एकनाथ शिंदे एवं प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार ने छत्तीसगढ़ के ऐसे जिलों में, जहां जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता है, विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।

विजय पारख ने कहा कि शिवसेना जनहित, पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

You cannot copy content of this page