जिला संघ की कार्यकारिणी एवं स्काउटर-गाइडर ने की विस्तृत चर्चा, राष्ट्रीय जंबूरी में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का हुआ सम्मान
बालोद। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बालोद की कार्यकारिणी एवं स्काउटर-गाइडर की वार्षिक बैठक 17 जुलाई को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित विवेकानंद सभागार में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ स्काउट-गाइड परंपरा के अनुसार ईश प्रार्थना से किया गया। राज्य मुख्यालय रायपुर के वार्षिक कैलेंडर के अनुसार आयोजित इस बैठक में सत्र 2026-27 की कार्ययोजना, पंजीयन, प्रशिक्षण शिविर, संगठन विस्तार तथा विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के मुख्य अतिथि जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव तथा अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त (स्काउट) दीपक दुबे ने की। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी उमा ठाकुर (बालोद), भूषण साहू (डौंडी लोहारा), प्रवीण चतुर्वेदी (डौंडी) एवं ललित चंद्राकर (गुरुर) सहित विशेष अतिथि वाई.पी. गांगुली (एलटी), अरुण कुमार साहू (प्राचार्य, सेजेस बालोद), डी.डी. साहू, भोला राम साहू, कमला वर्मा, वारुणी दिल्लीवार, जिला सचिव के.एल. गजेन्द्र, डीटीसी सीमा साहू एवं भुवन सिन्हा, डीओसी नेमसिंह साहू एवं प्रेमलता चंद्राकर, संयुक्त सचिव मधुमाला कौशल, कोषाध्यक्ष सत्यवान पिपरिया, विकासखंड सचिव मिलन सिन्हा, चंद्रशेखर दिल्लीवार, रूपेंद्र सिन्हा, मनीराम साहू, संयुक्त सचिव तनुजा बंजारे सहित जिले के सभी स्काउटर एवं गाइडर उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में स्काउट-गाइड तथा रोवर-रेंजर इकाइयों के शत-प्रतिशत पंजीयन, विकासखंड, जिला एवं राज्य अंशदान समय पर जमा कराने तथा स्काउटर-गाइडर पंजीयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। दल संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) नेमसिंह साहू एवं जिला संगठन आयुक्त (गाइड) प्रेमलता चंद्राकर ने सत्र 2026-27 की वार्षिक गतिविधियों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बेसिक कैंप, एडवांस कैंप, पूर्वाभ्यास, तृतीय सोपान एवं निपुण प्रशिक्षण एवं जांच शिविर, रायगढ़ में प्रस्तावित रोवर-रेंजर समागम तथा कोरबा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कैम्पोरी की रूपरेखा एवं तिथियों पर चर्चा की।
बैठक में OYMS पोर्टल पर सभी इकाइयों की जानकारी समय पर अपडेट करने, अधिक से अधिक नए विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित करने तथा आगामी जिला स्तरीय स्काउटर-गाइडर हाईक के आयोजन पर भी विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा स्काउट-गाइड यूनिफॉर्म में किए गए नए बैज परिवर्तन की जानकारी भी सभी प्रतिभागियों को दी गई।
इस दौरान स्काउटर एवं गाइडरों ने संगठन से संबंधित अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे, जिन पर विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में जिला बालोद का प्रतिनिधित्व करने वाले 60 प्रभारी स्काउटर-गाइडर का सम्मान किया गया। साथ ही कई वर्षों से जिले में स्काउटिंग गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने वाले वरिष्ठ स्काउटर-गाइडर तथा जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स केवल एक संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड इकाइयों का गठन कर विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के अपने अनुभव भी प्रतिभागियों के साथ साझा किए।
कार्यक्रम में सेवा कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सर्विस रोवर आदर्श, ताम्रध्वज, लक्ष्य, योगेन्द्र तथा रेंजर माधुरी एवं लक्ष्मी को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन के.एल. गजेन्द्र ने किया, जबकि व्यवस्थापन की जिम्मेदारी नेमसिंह साहू एवं प्रेमलता चंद्राकर ने निभाई। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी पांचों विकासखंडों के सक्रिय स्काउटर-गाइडरों ने स्काउटिंग गतिविधियों के विस्तार एवं संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।













