रायपुर/बालोद। जन्मदिन को सेवा और मानवता से जोड़ते हुए बालोद जिले के ग्राम नर्रा निवासी एवं वर्तमान में पदुमनगर, भिलाई-3 निवासी बेनुराम साहू ने अपनी पुत्री हर्षिता साहू के जन्मदिन के अवसर पर एक प्रेरणादायी पहल की। 17 जुलाई 2026 को एम्स अस्पताल रायपुर में दूरस्थ अंचलों से उपचार के लिए आए जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों को “ए मां भोजन सेवा समिति” के सहयोग से दोपहर के समय 500 से अधिक लोगों को निःशुल्क भोजन वितरित किया गया।

बेनुराम साहू भारतीय रेलवे में सीनियर पैसेंजर ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और लंबे समय से सामाजिक सेवा गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को समाज सेवा से जोड़ने से जीवन का वास्तविक आनंद और संतोष प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि “ए मां भोजन सेवा समिति” पिछले सात वर्षों से दानदाताओं के सहयोग से एम्स रायपुर में प्रतिदिन दोनों समय निःशुल्क भोजन सेवा संचालित कर रही है। इस सेवा का लाभ प्रतिदिन लगभग 1,200 से 1,500 मरीज एवं उनके परिजन प्राप्त करते हैं। समिति से जुड़कर सेवा कार्य में सहभागी बनना ईश्वर की विशेष कृपा है।
बेनुराम साहू ने कहा कि माता-पिता के पुण्य प्रताप और समाज के सहयोग से उन्हें ऐसे सेवा कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने लोगों से भी अपने परिवार के जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य शुभ अवसरों को जरूरतमंदों की सेवा के साथ मनाने की अपील की।
यह पहल समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवता का प्रेरक संदेश देती है तथा दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने की सच्ची खुशी का एहसास कराती है।













