DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

आदर्श कन्या विद्यालय बालोद में पालक-शिक्षक बैठक संपन्न, छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर हुई व्यापक चर्चा

बालोद। शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालोद में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रथम पालक-शिक्षक बैठक उच्च कार्यालय के निर्देशानुसार 18 जुलाई 2026 को आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं की प्रगति, स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों एवं विभिन्न शासकीय अभियानों की जानकारी देना तथा पालक-शिक्षक समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना था।

बैठक की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती हेमलता गंगबेर ने की। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों का स्वागत करते हुए “मोर गांव-मोर पानी” अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से संचालित एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और बताया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।

प्राचार्या ने छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, परीक्षा परिणाम तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी भी अभिभावकों के साथ साझा की।

व्याख्याता अशरफ तिगाला ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर नियमित निगरानी रखने, गृहकार्य की समीक्षा करने तथा घर में अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का आग्रह किया। वहीं व्याख्याता राजेंद्र वर्मा ने मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को मोबाइल का उपयोग केवल शैक्षणिक कार्यों तक ही सीमित रखने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

पालक समिति के प्रमुख कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब पालक और शिक्षक मिलकर जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय के साथ सतत संपर्क बनाए रखने और सकारात्मक सहयोग करने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय से संबंधित सुझाव एवं समस्याएं भी साझा कीं। प्राचार्या श्रीमती हेमलता गंगबेर ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं बी.एन. योगी, बी.आर. साहू, लेखा देवी, विनीता दिल्लीवार, गीतिका दुबे, देवनारायण तिवारी, वर्षा यादव, भावना साहू, प्रमिला रामटेके, अनीता सूर्यकांत सिन्हा, पद्माकर, नीलू सोनी, रिचा मीका, शैल देशमुख सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और बैठक को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ व्याख्याता एम.के. ठावरे ने सभी पालकों, शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच सहयोग को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

You cannot copy content of this page