
गुंडरदेही/बालोद। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पसौद, विकासखंड गुंडरदेही में 18 जुलाई 2026 को पालक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य पालकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति से अवगत कराना तथा उनके भविष्य की संभावनाओं पर समन्वित चर्चा करना था।
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर विशेष चर्चा की गई। पालकों को एचपीवी (HPV) वैक्सीन के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 14 वर्ष से 15 वर्ष 3 माह आयु वर्ग की बालिकाओं के टीकाकरण के लिए पालकों को जागरूक किया गया तथा उनकी सहमति प्राप्त करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय के शिक्षक एवं यूथ एवं इको क्लब के राज्य स्तरीय प्रशिक्षित सदस्य नरेंद्र कुमार रजक ने उपस्थित पालकों, शाला प्रबंधन एवं शाला विकास समिति के पदाधिकारियों को 250 सीड बॉल वितरित किए। उन्होंने सभी से अपील की कि इन सीड बॉल को खाली एवं उपयुक्त स्थानों पर डालकर अधिक से अधिक पौधों के संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण में सहयोग करें।
शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक ने बताया कि इस वर्ष उन्होंने विद्यार्थियों के सहयोग से लगभग 1,400 सीड बॉल विभिन्न फलदार एवं छायादार वृक्षों के बीजों से तैयार किए हैं। इनका वितरण समुदाय, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से किया जा रहा है, ताकि व्यापक स्तर पर पौधारोपण को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने बताया कि सीड बॉल अभियान की शुरुआत वर्ष 2021 में रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षा समागम से प्रेरित होकर की थी, जो आज भी निरंतर जारी है। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करना है।
विद्यालय में आयोजित यह पालक-शिक्षक बैठक शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बनी।













