DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सीड बॉल कार्यशाला से दिया हरित भविष्य का संदेश, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुरसुनी में विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

गुंडरदेही/बालोद। पर्यावरण गतिविधि एवं संरक्षण थीम, जिला बालोद के तत्वावधान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुरसुनी, विकासखंड गुंडरदेही में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से सीड बॉल एवं बीजरोपण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि पवन सोनबरसा तथा विशेष अतिथि विनोद कुमार साहू (जिला सह कार्यवाह, जिला बालोद, लाटाबोड़) एवं कमलकांत साहू (जिला संयोजक, पर्यावरण गतिविधि, कुसुमकसा) ने विद्यार्थियों को सीड बॉल निर्माण एवं बीजरोपण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

मुख्य अतिथि पवन सोनबरसा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है। उन्होंने कहा कि सीड बॉल बनाना एक सरल, सस्ता और प्रभावी तरीका है, जिसमें बच्चे, युवा, बुजुर्ग और पूरा परिवार मिलकर भागीदारी कर सकता है। उन्होंने कहा कि यदि हर परिवार नियमित रूप से सीड बॉल तैयार कर खाली एवं बंजर भूमि पर डाले, तो कम समय में व्यापक हरित क्षेत्र विकसित किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।

विशेष अतिथि विनोद कुमार साहू ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्थानीय प्रजातियों के पौधों का संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने और जैव विविधता बचाने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

जिला संयोजक कमलकांत साहू ने नेशनल स्टूडेंट पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 (NSPC) की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कर पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती पुष्पा सिंह के मार्गदर्शन में योगेश्वर प्रसाद साहू (खंड संयोजक) सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर व्याख्याता योगिता कौशल, अंकु पटेल, मंजू वाधमार, सुनील कुमार, अनिल कुमार, टीकाराम गोटेल, हेमलता, कविता सोनी, कविता जालान, मंगेश्वरी मरई, कुसुमलता बेलचंदा, पारसमणि साहू, यशवंत चौबे, लोरन सिंह ठाकुर तथा भृत्य प्रकाश कुमार ध्रुव एवं मिथलेश कुमार वर्मा सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page