सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण, विधायक कुंवर सिंह निषाद सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे मौजूद

भरदाकला/ अर्जुंदा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरदा कला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए भूमिपूजन एवं सरस्वती साइकिल योजना के तहत 28 बालिकाओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद, जनपद सदस्य टुकेश्वरी भोपेन्द्र साहू, ग्राम पंचायत के सदस्यगण, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय में बनने वाले अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। अतिरिक्त कक्ष के निर्माण से विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं अतिरिक्त कक्ष की सुविधा मिल सकेगी।

वहीं सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 28 बालिकाओं को साइकिल प्रदान की गई। साइकिल मिलने से छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। योजना का उद्देश्य बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना तथा उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच क्रांति भूषण साहू सहित जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत सदस्य, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













